जमशेदपुर. रिश्ते जब रक्षक के बजाय भक्षक बन जाएं, तो समाज की आत्मा कांप उठती है। जमशेदपुर के कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लायाडीह गांव से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय मासूम छात्रा कनकलता मुर्मू की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसे जन्म देने वाले माता-पिता ने ही की थी। महज किसी बात पर उपजी नाराजगी इस कदर जानलेवा साबित हुई कि पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी मुर्मू ने मिलकर घर के भीतर ही अपनी बेटी के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली।
दिल को झकझोर देने वाली यह वारदात 10 नवंबर को अंजाम दी गई थी। हैवानियत की हद पार करते हुए, बेटी की सांसें थमने के बाद माता-पिता ने देर रात उसके शव को गांव की एक महीनों से बंद पड़ी पत्थर खदान के गहरे पानी में फेंक दिया। इसके बाद, किसी को शक न हो, इसके लिए उन्होंने बेटी के लापता होने की झूठी कहानी गढ़ी और खामोश बैठे रहे। न तो ग्राम प्रधान या मुखिया को इसकी भनक लगने दी गई और न ही पुलिस को कोई सूचना दी गई।
मामले का खुलासा तब शुरू हुआ जब 13 नवंबर को ओड़िया पंचायत के लायाडीह स्थित उसी बंद खदान से गेरुवाला उत्क्रमित मध्य विद्यालय की इस होनहार छात्रा का शव बरामद हुआ। बेटी का शव देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर खदान के गड्ढों को भरने, खदान मालिक को मौके पर बुलाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर देर शाम तक हंगामा किया। इतना ही नहीं, 14 नवंबर को आक्रोशित लोगों ने टाटा-काटिन मुख्य मार्ग जाम कर पुलिस पर शव को चोरी-छिपे ले जाने का आरोप लगाते हुए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग भी की थी।
हालांकि, जिस परिवार के लिए पूरा गांव न्याय और मुआवजे की गुहार लगा रहा था, वही असली कातिल निकला। शव बरामदगी के समय से ही पुलिस को परिजनों के संदिग्ध व्यवहार पर शक हो गया था। पुख्ता सबूतों के अभाव में पुलिस ने करीब 10 दिनों तक गहन जांच और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जब कड़ाई से माता-पिता से पूछताछ की गई, तो दोनों टूट गए और अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों हत्यारे माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि इस जघन्य अपराध में कोई और भी शामिल था या नहीं।


