रांची. झारखंड के शहरी इलाकों में अपना घर, जमीन या फ्लैट खरीदने का सपना संजोए आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। राज्य सरकार ने संपत्ति के हस्तांतरण पर लगने वाले स्टांप और निबंधन शुल्क की कुल राशि पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज लागू कर दिया है, जिससे रजिस्ट्री का प्रभावी खर्च बढ़कर 7.7 प्रतिशत हो गया है। इस फैसले के लागू होने के बाद मध्यम वर्ग और छोटे खरीदारों के बजट पर सीधा दबाव पड़ने लगा है।
23 नवंबर से नई व्यवस्था प्रभावी
नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से झारखंड नगरपालिका भूमि/भवन स्थानांतरण अधिभार नियमावली-2026 की अधिसूचना जारी कर दी गई है, जो 23 नवंबर से लागू हो चुकी है। नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार के हस्ताक्षर से 20 नवंबर को जारी इस अधिसूचना का प्रकाशन 23 नवंबर को झारखंड गजट में किया गया। यह नियम राज्य के सभी नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत और अधिसूचित औद्योगिक नगरी क्षेत्रों में लागू होगा।
खरीदारों की जेब पर कितना बढ़ेगा बोझ?
कई लोगों को आशंका है कि संपत्ति के बाजार मूल्य पर सीधे 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगेगा, लेकिन नई व्यवस्था के तहत ऐसा नहीं है। फिलहाल 4 प्रतिशत स्टांप शुल्क और 3 प्रतिशत निबंधन शुल्क मिलाकर कुल 7 प्रतिशत शुल्क लगता है। अब इस कुल शुल्क राशि पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त अधिभार जोड़ा जाएगा, जिससे प्रभावी खर्च 7.7 प्रतिशत हो जाएगा।
संपत्ति की कीमत बढ़ने के साथ खरीदारों की परेशानी भी बढ़ती जाएगी। उदाहरण के तौर पर, 5 लाख रुपये की संपत्ति की रजिस्ट्री पर पहले 35,000 रुपये खर्च होते थे, लेकिन अब 3,500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसी तरह 10 लाख रुपये की संपत्ति पर 7,000 रुपये, 20 लाख रुपये पर 14,000 रुपये, 50 लाख रुपये पर 35,000 रुपये और 1 करोड़ रुपये की संपत्ति पर 70,000 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे। यानी हर 1 लाख रुपये की रजिस्ट्री पर 700 रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
ऑनलाइन वसूली और राहत के नियम
नए नियम के तहत अधिभार की गणना और वसूली ऑनलाइन होगी। राज्य शहरी विकास अभिकरण (सुडा) भुगतान संग्रह की प्रक्रिया तैयार करेगा और नगर निकायों को अलग बैंक खाते खोलने होंगे। एकत्रित राशि सीधे संबंधित नगर निकाय या औद्योगिक नगरी के खाते में जमा होगी और इसकी वसूली निबंधन पदाधिकारियों के माध्यम से की जाएगी। हालांकि, यदि किसी कारणवश संपत्ति का निबंधन नहीं हो पाता है तो वसूली गई अधिभार राशि वापस कर दी जाएगी। वहीं, स्टांप या निबंधन शुल्क माफ होने की स्थिति में यह अधिभार भी स्वतः समाप्त हो जाएगा।



