चेन्नई. आंध्र प्रदेश के तिरुमाला स्थित विश्व प्रसिद्ध भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में श्रद्धा और समर्पण का एक अभूतपूर्व अध्याय जुड़ गया है। चेन्नई के रहने वाले एक जैन दंपति, वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने मंदिर को लगभग 208 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरों से जड़े बेशकीमती आभूषण अर्पित किए हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की गरिमामयी उपस्थिति में यह भव्य भेंट तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को सौंपी गई। मंदिर के सदियों पुराने इतिहास में किसी एक परिवार द्वारा किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत दान माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक दान में कुल 121 किलोग्राम शुद्ध सोना और 238.2 कैरेट के दुर्लभ हीरे शामिल हैं। आधिकारिक विवरण के अनुसार, इस भेंट में नौ विशेष सेटों के अंतर्गत कुल 46 नायाब आभूषण तैयार किए गए हैं। इन आभूषणों में भगवान वेंकटेश्वर के लिए रत्नजड़ित भव्य मुकुट, चरणों की शोभा बढ़ाने वाले ‘पद्म पादालु’, कलात्मक स्वर्ण बाघ नख, बारीक कारीगरी वाली जंजीरें और कई दुर्लभ रत्न शामिल हैं।
दान किए गए इन आभूषणों को भगवान वेंकटेश्वर और देवी पद्मावती के लिए अलग-अलग समर्पित किया गया है। कुल 121 किलोग्राम सोने में से 106 किलोग्राम वजन के आभूषण मुख्य रूप से भगवान श्रीवरु (वेंकटेश्वर) के श्रृंगार के लिए हैं, जबकि शेष 15 किलोग्राम सोने के आभूषण और विशेष पोशाक देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को अर्पित किए गए हैं।
इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जैन दंपति की इस निस्वार्थ भक्ति की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीवरु की महिमा का वर्णन शब्दों से परे है और ऐसे ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि भगवान वेंकटेश्वर का प्रतिदिन लगभग 120 किलोग्राम स्वर्ण आभूषणों से श्रृंगार किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने मंदिर की गौरवशाली परंपरा को याद करते हुए बताया कि प्राचीन काल से ही पल्लव, चेर, चोल, पांड्य, मैसूर और मराठा शासकों ने इस मंदिर के वैभव में योगदान दिया है। उन्होंने विशेष रूप से विजयनगर साम्राज्य के महान सम्राट श्री कृष्णदेवराय का जिक्र किया, जिन्होंने भगवान को ‘रत्न कीरीटम’ और ‘पीतांबरम’ जैसे अनमोल उपहार भेंट किए थे।
अंत में, मुख्यमंत्री ने टीटीडी की पारदर्शी कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए मंदिर की पवित्रता बनाए रखने, गौ-संरक्षण को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क ‘अन्न प्रसादम’ की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने टीटीडी के सहयोग से देश और विदेश के हिंदू बहुल क्षेत्रों में 5,000 नए मंदिरों के निर्माण के संकल्प को भी साझा किया।


