पटना. बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा रोजगार अवसर सामने आया है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने कृषि विभाग के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों के 147 पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इन पदों पर वेतन स्तर-9 के तहत चयन किया जाएगा। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 15 दिसंबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2027 और फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 12 जनवरी 2027 तय की गई है।
किन पदों पर कितनी भर्तियां?
अधिसूचना के मुताबिक, कुल पांच श्रेणियों में बहाली होगी। इनमें सहायक निदेशक (कृषि अभियंत्रण) के 50 पद, सहायक निदेशक (सांख्यिकी) के 36 पद, सहायक नियंत्रक (माप एवं तौल) के 26 पद, सहायक निदेशक (रसायन) के 21 पद और सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) के 14 पद शामिल हैं।
योग्यता, आयु सीमा और आवेदन शुल्क
अलग-अलग पदों के लिए संबंधित विषय जैसे कृषि अभियंत्रण, सांख्यिकी, गणित, भौतिकी, अभियंत्रण, कृषि विज्ञान, रसायन या प्लांट प्रोटेक्शन में स्नातक डिग्री अनिवार्य है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी, जिसमें न्यूनतम उम्र 21 वर्ष निर्धारित है। अधिकतम आयु अनारक्षित पुरुषों के लिए 37 वर्ष, पिछड़ा-अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों-महिलाओं तथा अनारक्षित महिलाओं के लिए 40 वर्ष और एससी-एसटी वर्ग के लिए 42 वर्ष है। परीक्षा शुल्क 100 रुपये रखा गया है, जबकि आधार नंबर न देने पर 200 रुपये अतिरिक्त बायोमेट्रिक शुल्क देना होगा।
चयन प्रक्रिया और अनुभव का वेटेज
चयन लिखित परीक्षा और 50 अंकों के साक्षात्कार से होगा। सामान्य हिंदी के 100 अंक केवल क्वालीफाइंग हैं (न्यूनतम 30 अंक जरूरी), जबकि सामान्य ज्ञान के 100 अंक और संबंधित विषय के दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र 200-200 अंकों के होंगे। मेधा सूची में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू को 75 अंकों का वेटेज मिलेगा, साथ ही बिहार सरकार में संविदा अनुभव पर प्रति वर्ष 5 अंक (अधिकतम 25 अंक) मिलेंगे।


