जेपीएससी अनियमितता में पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट ने सीआईडी से जवाब तलब

रांची. झारखंड हाई कोर्ट में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता के मामले में पूर्व मुख्य सचिव एवं पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। अदालत ने मामले में सीआईडी को 9 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। वहीं, याचिकाकर्ता को सीआईडी के जवाब पर 14 दिसंबर तक प्रति उत्तर दाखिल करना होगा। इस मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है।

सीआईडी कोर्ट द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद एल खियांग्ते ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से यह दलील दी गई कि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है और जांच एजेंसी की छापेमारी में भी कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

दूसरी ओर, सीआईडी ने खियांग्ते की भूमिका को संदिग्ध बताया है। एजेंसी का आरोप है कि परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी टीडीपीएल को सौंपने में उनकी अहम भूमिका रही। सीआईडी के अनुसार, टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी की जानकारी तत्कालीन अध्यक्ष को थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। जांच में उन पर टीडीपीएल से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का भी आरोप लगाया गया है।

इसी मामले की जांच के दौरान सीआईडी ने खियांग्ते को गिरफ्तार कर रिमांड पर पूछताछ की थी और तब से वह जेल में बंद हैं। इस प्रकरण में अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में कथित मुख्य आरोपी अभय तिवारी के स्वीकारोक्ति बयान को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें उसने परीक्षा एजेंसी के रूप में टीडीपीएल के चयन में तत्कालीन अध्यक्ष की भूमिका का जिक्र किया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Picture of ओसियन पोस्ट डेस्क

ओसियन पोस्ट डेस्क

संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें.