जमशेदपुर. औद्योगिक नगरी जमशेदपुर स्थित सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML) ने गुरुवार को अपना 77वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। इस विशेष अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान देश की औद्योगिक आत्मनिर्भरता और स्वदेशी अनुसंधान को गति देने के लिए उद्योगों के साथ पांच समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष जे.डी. पाटिल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एस. शिवप्रसाद ने की। इस मौके पर एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी और प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण भी मौजूद थे।
खनिज, धातु और आत्मनिर्भरता पर राज्यपाल का जोर
मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान राष्ट्र और समाज के प्रति उसके दीर्घकालीन योगदान से बनती है। सात दशकों से अधिक की एनएमएल यात्रा को उन्होंने देश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बताया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की पहचान उद्योग, परिश्रम और तकनीकी विकास से जुड़ी है, जहां टाटा समूह के साथ श्रमिकों, इंजीनियरों और उद्यमियों ने औद्योगिक प्रगति को नई ऊंचाइयां दी हैं। ऐसे में राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
राज्यपाल ने खनिजों से उपयोगी तत्वों के निष्कर्षण, टिकाऊ धातुओं के विकास और औद्योगिक अपशिष्टों के पुनर्चक्रण में एनएमएल के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन, कंप्यूटर, रक्षा उपकरणों, आधुनिक मशीनों और सेमीकंडक्टर तकनीक में इस्तेमाल होने वाले उन्नत पदार्थों के लिए स्वदेशी शोध को बढ़ावा देना समय की मांग है। साथ ही उन्होंने युवा वैज्ञानिकों से बड़े लक्ष्य तय करने और प्रयोगशालाओं की तकनीक को उद्योगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
तीन प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगी आगामी रणनीति
निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने वर्ष 1950 में स्थापित इस संस्थान की विरासत को याद करते हुए कहा कि महान वैज्ञानिक सर शांति स्वरूप भटनागर की दूरदर्शिता से यह सीएसआईआर की शुरुआती प्रयोगशालाओं में शामिल हुआ। उन्होंने बताया कि संस्थान की आगामी शोध रणनीति महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज, चक्रीय अर्थव्यवस्था एवं पुनर्चक्रण (रेड मड प्रसंस्करण, दुर्लभ मृदा तत्व, बैटरी व चुंबक रीसाइक्लिंग) और उन्नत पदार्थों के विकास पर केंद्रित है। संस्थान अब प्रयोगशाला से आगे बढ़कर तकनीक के प्रदर्शन, व्यावसायीकरण और स्टार्टअप, एमएसएमई व उद्योगों के साथ साझेदारी मजबूत कर रहा है।
‘विकसित भारत 2047’ और पुरस्कारों का सम्मान
विशिष्ट अतिथि जे.डी. पाटिल ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पाने के लिए रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और सेमीकंडक्टर क्षेत्रों में विदेशी निर्भरता घटाना आवश्यक है, जिसमें एनएमएल की स्वदेशी तकनीकें निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। समारोह में पांच MoUs के अलावा सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र, प्रौद्योगिकी, आंतरिक परियोजना, सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कार तथा मेधावी बच्चों को छात्रवृत्तियां भी प्रदान की गईं।


