अब ट्रैफिक चालान पर बढ़ेगा प्रीमियम, बिना इंश्योरेंस नहीं मिलेगा पेट्रोल, जाने क्या है नए वाहन बीमा कानून का ड्राफ्ट

नई दिल्ली. केंद्र सरकार देश में सड़क सुरक्षा बढ़ाने और मोटर बीमा व्यवस्था को सख्त बनाने के लिए नए नियमों का मसौदा तैयार कर रही है। सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित इन बदलावों का सीधा असर देश के करोड़ों कार और दोपहिया वाहन मालिकों पर पड़ेगा। नए प्रावधानों के तहत जहां बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की जेब ढीली होगी, वहीं बिना वैध बीमा वाली गाड़ियों पर पूरी तरह लगाम लगाने की तैयारी है।

चालान के हिसाब से तय होगा प्रीमियम

प्रस्तावित नियम के अनुसार, अब वाहन बीमा का प्रीमियम पिछले एक साल के ट्रैफिक उल्लंघनों से जोड़ा जाएगा। जिन चालकों के नाम पर अधिक चालान दर्ज होंगे, उन्हें नियम मानने वाले ड्राइवरों की तुलना में ज्यादा प्रीमियम चुकाना होगा। सरकार का उद्देश्य चालकों को सड़क पर अधिक जिम्मेदार बनाना है। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) सहित कुछ विशेष श्रेणियों के बेस प्रीमियम रेट में भी संशोधन पर विचार चल रहा है।

4 से 6 साल की लंबी पॉलिसी का विकल्प

हर साल बीमा रिन्यू कराने की परेशानी से राहत देने के लिए मंत्रालय सिंगल-प्रीमियम वाली लंबी अवधि की पॉलिसी लाने जा रहा है। इसके लागू होने पर कार मालिक एक बार में 4 साल और बाइक-स्कूटर मालिक 6 साल तक का बीमा ले सकेंगे। इससे सड़कों पर बीमित वाहनों की संख्या में निरंतरता बनी रहेगी।

‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’ पायलट प्रोजेक्ट

सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश पर सड़क परिवहन और पेट्रोलियम मंत्रालय मिलकर ‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’ अभियान का ट्रायल शुरू करेंगे। पहले चरण में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 5-5 पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे गाड़ी की नंबर प्लेट स्कैन कर तुरंत जांच लेंगे कि बीमा वैध है या नहीं। वैध पॉलिसी न होने पर पंप पर ईंधन नहीं दिया जाएगा।

क्यों पड़ी सख्ती की जरूरत?

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में केवल 81% सक्रिय वाहनों (करीब 25 करोड़) के पास ही वैध बीमा है। दोपहिया वाहनों में यह आंकड़ा 80% और थ्री-व्हीलर्स में महज 57% है। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत थर्ड-पार्टी बीमा अनिवार्य है ताकि दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को उचित मुआवजा मिल सके। फिलहाल यह प्रस्ताव शुरुआती चरण में है और इसके देशव्यापी क्रियान्वयन की तारीख तय होना बाकी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Picture of ओसियन पोस्ट डेस्क

ओसियन पोस्ट डेस्क

संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें.