नई दिल्ली. संसद के विशेष सत्र की सुगबुगाहट के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा सियासी कदम उठाते हुए शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में यह बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होगी, जिसमें परिसीमन से जुड़े विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। इस प्रस्तावित विधेयक के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रविधान है।
मंत्रियों को दिल्ली में रहने के निर्देश
बैठक के लिए सभी मंत्रियों को समय पर उपस्थित रहने की सूचना भेज दी गई है। इससे पहले बुधवार को हुई मंत्रिमंडल बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने संकेत दिया था कि सरकार जल्द ही संसद का सत्र बुला सकती है। इसी के मद्देनजर उन्होंने मंत्रियों को अगले कुछ दिनों तक उपलब्ध रहने और दिल्ली से बाहर की अपनी यात्राएं टालने का निर्देश दिया था। माना जा रहा है कि सरकार बीते परिसीमन से संबंधित विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक में कुछ अहम संशोधन भी कर सकती है।
अप्रैल के अनुभव और बदला हुआ सियासी गणित
दरअसल, सरकार बीते अप्रैल महीने में परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में लेकर आई थी, लेकिन तब वह दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा नहीं जुटा पाई थी। उस समय विधेयक के पक्ष में 298 मत पड़े थे और विरोध में 234 मत आए थे, जिससे सरकार जरूरी बहुमत से चूक गई थी।
हालांकि, उसके बाद से लोकसभा का सियासी समीकरण बदल चुका है। बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में हुई टूट से उसके 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं। वहीं, शिवसेना यूबीटी में भी तोड़फोड़ के बाद छह लोकसभा सदस्य एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए हैं। इस तरह भाजपा-राजग के पास इस समय घोषित रूप से 319 लोकसभा सदस्यों का समर्थन है, जबकि दो-तिहाई आंकड़े के लिए करीब 360 सदस्यों की जरूरत है।
विपक्ष के सामने बड़ी चुनौती
सियासी गलियारों में इस बात पर नजरें टिकी हैं कि यदि शरद पवार की राकांपा (शरदचंद्र पवार) के आठ और द्रमुक के 22 लोकसभा सदस्य परिसीमन मुद्दे पर सरकार के साथ खड़े होते हैं, तो यह आंकड़ा 349 तक पहुंच जाएगा। ऐसे में कुछ अन्य सदस्यों का समर्थन जुटाना सत्तापक्ष के लिए कठिन नहीं होगा। इसी वजह से विपक्ष के लिए अप्रैल के मुकाबले लोकसभा में अपनी कम हुई 26 सीटों के साथ पवार और स्टालिन की पार्टियों को सत्ताधारी खेमे में जाने से रोकना बड़ी अग्नि परीक्षा माना जा रहा है।


