मरणोपरांत त्वचा दान से बचेगी झुलसे मरीजों की जान, पटना एम्स में खुलेगा बिहार का पहला स्किन बैंक

पटना.  आग या किसी हादसे में गंभीर रूप से झुलसने वाले मरीजों के लिए त्वचा दान (स्किन डोनेशन) किसी संजीवनी से कम नहीं है। अक्सर लोग नेत्रदान और अंगदान के बारे में तो जानते हैं, लेकिन मरणोपरांत त्वचा दान के महत्व से अनजान रहते हैं। अब आम लोगों को इस महादान के प्रति जागरूक करने और झुलसे मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए एम्स पटना में बिहार का पहला स्किन बैंक खुलने जा रहा है। इसके लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने 3.07 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।

क्यों जरूरी है त्वचा दान और स्किन बैंक

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में हर साल लगभग 70 लाख लोग आग की चपेट में आकर झुलसते हैं, जिनमें से करीब 1.5 लाख लोगों की जान चली जाती है। वहीं, एनसीआरबी (NCRB) की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार बिहार में आग लगने की 297 घटनाओं में 321 लोगों की मृत्यु हुई थी।

जब कोई व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस जाता है, तो उसकी त्वचा की ऊपरी सुरक्षा परत नष्ट हो जाती है। इससे शरीर में तेजी से संक्रमण फैलने और पानी व आवश्यक तरल पदार्थों की कमी होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में यदि घाव को दान की गई मानव त्वचा से ढक दिया जाए, तो यह एक प्राकृतिक जैविक ड्रेसिंग की तरह काम करती है। इससे न केवल संक्रमण रुकता है, बल्कि घाव भी तेजी से भरते हैं और मरीज की जान बच जाती है।

कैसे काम करेगा यह स्किन बैंक

एम्स पटना के बर्न्स सेंटर में स्थापित होने वाले इस बैंक में मृत्यु के बाद स्वेच्छा से दान की गई त्वचा को सुरक्षित रखा जाएगा। स्वीकृत राशि से त्वचा के संग्रहण, प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) और संरक्षण के लिए आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।

एम्स के कार्यकारी निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राजू अग्रवाल और बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा कुमारी ने इस पहल को आधुनिक बर्न केयर के लिए मील का पत्थर बताया है। समाज में त्वचा दान के प्रति जागरूकता बढ़ने से कई परिवारों के चिराग बुझने से बचाए जा सकेंगे।

इससे पहल उत्तर प्रदेश के कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में प्रदेश का पहला स्किन बैंक नए साल से बर्न यूनिट के साथ शुरू करने की तैयारी है. यह गंभीर रूप से जले हुए मरीजों की जान बचाने और संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिसके लिए 100 से अधिक लोग त्वचा दान का संकल्प ले चुके हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Picture of ओसियन पोस्ट डेस्क

ओसियन पोस्ट डेस्क

संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें.