रांची/बेरमो: रिम्स के लिए अधिग्रहित जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और दस्तावेजों में हेरफेर से जुड़े मामले में झारखंड भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को एसीबी की टीम ने बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) मनोज कुमार को रांची से गिरफ्तार कर लिया। मनोज कुमार इससे पहले रांची के बड़गाईं अंचल में अंचल अधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुके हैं।
इस मामले में एसीबी की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले बीते 17 नवंबर की रात एसीबी ने आईएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन समेत छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार अधिकारियों में तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, तीन जिला अवर निबंधक और दो अंचल अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान इन अधिकारियों पर जमीन की अवैध खरीद-बिक्री, दस्तावेजी प्रक्रिया में अनियमितताओं और सरकारी अभिलेखों में हेरफेर करने के आरोप सामने आए हैं।
पहले गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में रांची सदर के तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता मनोज कुमार रंजन के साथ तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार और राहुल कुमार चौबे शामिल हैं। इनके अलावा बड़गाईं अंचल के तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार तथा रांची शहर अंचल के तत्कालीन अंचल अधिकारी राजेश कुमार भी कार्रवाई की जद में आए थे।
यह पूरा प्रकरण रिम्स के लिए अधिग्रहित कुल 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है, जिसमें मोरहाबादी मौजा की लगभग आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। आरोप है कि सरकारी अभिलेखों में हेरफेर और फर्जी दस्तावेज तैयार कर इस अधिग्रहित जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दिखाने की कोशिश की गई। एसीबी ने रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज और मुख्तारनामा से जुड़ी प्रक्रियाओं की गहन जांच की है। मामले के तहत जमीन के एक हिस्से पर बने अवैध निर्माण को पहले ही न्यायिक प्रक्रिया के तहत हटाया जा चुका है।


