भुवनेश्वर: ओडिशा तट की ओर बढ़ रहे चक्रवात अकवान के संभावित खतरे और रेल परिचालन में सुरक्षा जोखिम को देखते हुए रेलवे ने बड़ा एहतियाती फैसला लिया है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर 19, 20 और 21 नवंबर को चलने वाली कुल 39 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इस कदम से लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के अलावा वंदे भारत एक्सप्रेस, पैसेंजर और मेमू ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित होगा।
ट्रेनों के रद्द होने का सीधा असर ओडिशा के पड़ोसी राज्यों के साथ रेल संपर्क पर पड़ेगा। विशेष रूप से पुरी, भुवनेश्वर, कटक और बरहमपुर से यात्रा करने वाले यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस (20841/20842), हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस (22895/22896), टाटानगर-बरहमपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (20891/20892) और पुरी-यशवंतपुर गरीब रथ एक्सप्रेस (22883/22884) शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन जाने या यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इसके लिए यात्रियों को नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) या रेलवे के आधिकारिक पूछताछ माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।


