जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर क्षेत्र स्थित आउटर सर्कल रोड पर प्रस्तावित विदेशी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बिष्टुपुर गुरुद्वारा बस्ती के निवासियों और गुरुद्वारा कमेटी के बाद, अब बिष्टुपुर धर्म सास्था स्वामी अयप्पा मंदिर कमेटी ने भी इस प्रस्ताव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कमेटी ने जिले के उपायुक्त (DC) को एक अनुरोध पत्र सौंपकर इस दुकान के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की पुरजोर मांग की है।
मंदिर कमेटी ने प्रशासन को अवगत कराया है कि गुरुद्वारा बस्ती, रोड नंबर-4 स्थित मकान संख्या 74ए में जिस स्थान पर विदेशी शराब की दुकान प्रस्तावित है, वह स्वामी अयप्पा मंदिर से महज 10 फीट की दूरी पर है। इसके अतिरिक्त, यह पूरा क्षेत्र न केवल घनी आबादी वाला है, बल्कि यहां कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक और धार्मिक संस्थान भी मौजूद हैं। प्रस्तावित स्थल के ठीक आसपास सेंट मेरी हिंदी हाई स्कूल, सेंट मेरी इंग्लिश स्कूल, रामकृष्ण मिशन के हिंदी व अंग्रेजी विद्यालयों के साथ-साथ एक गुरुद्वारा और कई अन्य मंदिर स्थित हैं।
कमेटी के पदाधिकारियों का मानना है कि इतने संवेदनशील और पवित्र स्थान के समीप शराब की दुकान खुलने से धार्मिक स्थलों की मर्यादा भंग होगी और स्कूली बच्चों के कोमल मन पर इसका बेहद नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस खबर के सामने आने के बाद से ही स्थानीय निवासियों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में गहरी चिंता और असुरक्षा की भावना घर कर गई है।
ज्ञापन में यह भी आशंका जताई गई है कि शराब की दुकान खुलने से इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे आए दिन अप्रिय घटनाएं होने का खतरा बना रहेगा। इससे न केवल श्रद्धालुओं की संख्या प्रभावित होगी, बल्कि मुख्य सड़क पर यातायात जाम की समस्या भी विकराल रूप ले सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमेटी ने इस पत्र की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), आबकारी विभाग और बिष्टुपुर थाना प्रभारी को भी प्रेषित कर जनहित में त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई है।


