नई दिल्ली. परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण वाले संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद अब केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में इसे पारित कराने के लिए ‘मिशन 360’ पर जुट गई है। संशोधित विधेयक में राज्यों में लोकसभा की सीटों को समानुपात में 50 प्रतिशत बढ़ाने और बढ़ने वाली सीटों को 25 वर्ष तक फ्रीज रखने का लिखित प्रविधान किया गया है। इस कदम से दक्षिणी राज्यों और कई क्षेत्रीय दलों की आशंकाओं को शांत करने की कोशिश की गई है। संसद की विशेष बैठक के तहत लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होने वाली है।
बजट सत्र की चूक और बदला अंकगणित
बीते जुलाई में बजट सत्र के दौरान यह विधेयक दो-तिहाई बहुमत न मिल पाने के कारण 54 वोटों से अटक गया था, जब 528 उपस्थित सांसदों में से 298 वोट पक्ष में पड़े थे। हालांकि, उसके बाद से सियासी समीकरण तेजी से बदले हैं। सत्ताधारी राजग के पास 320 सांसदों का आंकड़ा है और तमिलनाडु चुनाव के बाद द्रमुक (22) के समर्थन के संकेत, तृणमूल में टूट के बाद एनसीपीआइ के 20 सांसदों के आने, राकांपा शरद गुट (8) के सकारात्मक रुख तथा वाईएसआरसीपी (4) के इशारों से समर्थन की संख्या 359 के करीब पहुंचती दिख रही है। इसके अलावा भारत आदिवासी पार्टी (1) और निर्दलीय सदस्यों की भूमिका भी अहम मानी जा रही है।
दक्षिणी राज्यों को क्या मिल रहा भरोसा
पहले दक्षिणी राज्यों को आशंका थी कि परिसीमन से उनकी सीटों की हिस्सेदारी कम हो सकती है। नए फॉर्मूले के तहत समानुपात में 50 प्रतिशत वृद्धि से दक्षिणी राज्यों की सीटों की संख्या तो बढ़ेगी ही, उनकी आनुपातिक हिस्सेदारी भी लगभग बनी रहेगी। उदाहरण के लिए कर्नाटक की सीटें 28 (5.15 प्रतिशत) से बढ़कर 42 (5.14 प्रतिशत), आंध्र प्रदेश की 25 से 38, तेलंगाना की 17 से 26 और तमिलनाडु की 39 से बढ़कर 59 होने का खाका सामने आया है।
महिला आरक्षण और सदन में उपस्थिति का पेंच
सरकार का मानना है कि चूंकि इस विधेयक के साथ महिला आरक्षण जुड़ा है और 2029 से इसके लागू होने की बात कही जा रही है, इसलिए कई दल विरोध में खड़े होने से बच सकते हैं या गैरहाजिर रह सकते हैं। वहीं कांग्रेस (98), टीएमसी ममता गुट (8) और वामदल (9) जैसे दल विरोध में नजर आ रहे हैं, जबकि सपा (37), राजद (4) और झामुमो (3) के रुख पर सबकी नजरें टिकी हैं।



