झारखंड की सियासत में नया भूचाल, परिसीमन से 122 होंगी विधानसभा सीटें, 21 तक पहुंच सकती हैं लोकसभा सीटें

रांची. केंद्र सरकार की परिसीमन कवायद और महिला आरक्षण कानून में संशोधन को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद झारखंड की राजनीति का पूरा भूगोल और समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का अनुमान लगाया जा रहा है। यदि यह लागू होता है, तो झारखंड में विधानसभा की सीटें 81 से बढ़कर करीब 122 हो सकती हैं, जबकि लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, इसके लिए संसद की मंजूरी और संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है, वहीं राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा आनुपातिक हिस्से को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी चर्चा में है, जिससे तत्काल जनसंख्या-आधारित हिस्सेदारी का दबाव कम रह सकता है।

आदिवासी आरक्षण और संवेदनशील संतुलन

झारखंड के लिए यह बदलाव केवल सात अतिरिक्त लोकसभा और करीब 41 नई विधानसभा सीटों तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं, आरक्षण के स्वरूप और सामाजिक संतुलन को नए सिरे से गढ़ने वाला है। राज्य विधानसभा की 81 सीटों में फिलहाल 28 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) और लोकसभा की 14 सीटों में पांच सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं। सीटों की संख्या बढ़ने पर आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या में कितनी वृद्धि होगी, यह सबसे अहम सवाल है। कोल्हान, संताल परगना और दक्षिणी छोटानागपुर के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में इस प्रक्रिया का गहरा असर पड़ सकता है। अतीत में एसटी आरक्षित सीटों को घटाने के प्रस्तावों के खिलाफ शिबू सोरेन के नेतृत्व में हुए विरोध की यादें अभी ताजा हैं, इसलिए आदिवासी संगठनों और दलों में सतर्कता स्वाभाविक है।

बदलेंगे सियासी समीकरण और महिला प्रतिनिधित्व

सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का मुख्य आधार आदिवासी समाज रहा है, ऐसे में आरक्षण और नए क्षेत्रों के निर्धारण का मुद्दा उसके लिए बेहद संवेदनशील है। कांग्रेस सहित गठबंधन के अन्य दलों को अपना आधार मजबूत रखना होगा, जबकि भाजपा समेत विपक्षी दलों के लिए नए क्षेत्रों में संगठन विस्तार के अवसर खुल सकते हैं। इसके साथ ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने की स्थिति में करीब 122 सदस्यीय विधानसभा में लगभग 41 सीटें महिलाओं के हिस्से आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे जमीनी स्तर की महिला नेतृत्व को विधानसभा में पहुंचने का बड़ा मंच मिल सकता है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Picture of ओसियन पोस्ट डेस्क

ओसियन पोस्ट डेस्क

संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें.