अर्जुन मुंडा के घर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मातृशोक से उबरने का दिया संबल, दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

जमशेदपुर. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित आवास पर पहुंचे और उनकी दिवंगत माता सायरा मुंडा को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी एवं गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। दोनों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर इस कठिन घड़ी में अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नेमरा से सीधे हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर करीब 2:45 बजे घोड़ाबांधा के कनफुटा मैदान में उतरे। वहां जिला प्रशासन की ओर से पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से अर्जुन मुंडा के निवास स्थान पहुंचे। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जीवन में मां का चले जाना सबसे बड़ी और अपूरणीय क्षति होती है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा सहित अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक अर्जुन मुंडा के आवास पर रुके। इस अवसर पर सत्तापक्ष और विपक्ष के कई जनप्रतिनिधि भी शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे। इनमें विधायक समीर मोहंती, सोमेश सोरेन, संजीव सरदार, मंगल कालिंदी, सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन और भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले प्रमुख रूप से शामिल थे।

सीएम के आगमन को लेकर स्थानीय प्रशासन सुबह से ही पूरी तरह सतर्क रहा। कनफुटा मैदान से लेकर आवास तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उपायुक्त राजीव रंजन, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल सहित पुलिस व प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौके पर तैनात रहे। परिवार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री वापस हेलीपैड पहुंचे और रांची के लिए रवाना हो गए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Picture of ओसियन पोस्ट डेस्क

ओसियन पोस्ट डेस्क

संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें.