जमशेदपुर. हथियारबंद अपराधियों गुरुवार की सुबह जमशेदपुर में बड़ी डकैती को अंजाम दिया. 5-6 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर बैंक के चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद और लॉकर में रखे भारी मात्रा में स्वर्णाभूषण लूटकर फरार हो गये.
घटना सुबह करीब सवा नौ बजे की है. उस समय बैंक खुला ही था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था.बैंक के गार्ड संतोष कुमार ने बताया कि सभी अपराधी बारिश के कारण रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए थे. इससे उनके चेहरे और पहचान को छिपाने में मदद मिली. बैंक में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया.
विरोध करने पर अपराधियों ने सुरक्षा गार्ड को हथियार केवट से मार कर गंभीर रूप से जख्म कर दिया. हथियारों के बल पर सभी को डराने के बाद अपराधी सीधे बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे.
अपराधियों ने बैंक मैनेजर को गन प्वाइंट पर लेकर चेस्ट खुलवाया. इसके बाद चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद निकाल लिये. साथ ही लॉकर में रखे काफी संख्या में कीमती स्वर्णाभूषण भी लूट लिये. पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गये.
दिनदहाड़े बैंक में डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.



