भोजपुर. बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामडिहरा गांव में दीपावली की रात एक मामूली सी बात पर ऐसा खौफनाक तांडव मचा कि पूरा इलाका दहल उठा। पर्व की खुशियां पलभर में मातम और चीख-पुकार में बदल गईं, जब आपसी विवाद के बाद एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लोगों को बेरहमी से रौंद डाला। इस भीषण घटना में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

क्या था पूरा विवाद?
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, घटना की शुरुआत गांव में सूर्य मंदिर के पास बज रहे छठ के गानों को लेकर हुई थी। मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि दीपावली की रात गांव का ही एक व्यक्ति वहां पहुंचा और वहां मौजूद मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोक और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद मामला शांत कराने के लिए परिजनों को बुलाया गया और स्कॉर्पियो सवार वहां से धमकी देते हुए चला गया।
जानबूझकर लोगों को रौंदा
कुछ ही देर बाद जब ग्रामीण और परिवार के लोग इकट्ठा होकर इस पूरे मामले पर बातचीत कर रहे थे, तो आरोपी अपनी स्कॉर्पियो लेकर दोबारा वहां लौट आया। आरोप है कि उसने वाहन की रफ्तार अचानक काफी तेज कर दी और वहां खड़े लोगों पर गाड़ी चढ़ा दी। उसने कई लोगों को कुचलते हुए काफी दूर तक घसीटा, जिससे वहां भगदड़ मच गई।
अस्पताल में मचा कोहराम
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने कमलेश यादव (45 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके सगे भाई दिनेश यादव (55 वर्ष) की सीने पर गाड़ी चढ़ने से गंभीर अंदरूनी चोट के कारण मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद सात मासूम बच्चों के सिर से उनके पिता का साया उठ गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


