
Jamshedpur. जमशेदपुर मरीन ड्राइव पर में एक कार और खड़े ट्रक की टक्कर में प्रदेश सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह दुर्घटना तड़के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव रोड पर हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत कम से कम चार लोगों की मौत हुई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में साथी मंत्री और बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी तथा अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर से मेरा हृदय अत्यंत व्यथित है।

उन्होंने कहा, अपनी संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस बेहद कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी और शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए कोई शब्द नहीं हैं।’’
सोरेन ने कहा कि मरांग बुरू दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।


