जमशेदपुर. सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और जेल के भीतर चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस ने सोमवार की रात जमशेदपुर की घाघीडीह सेंट्रल जेल में एक बड़ा औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई का नेतृत्व स्वयं उपायुक्त (डीसी) राजीव रंजन और एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने किया। प्रशासन की इस अचानक हुई दबिश से पूरे जेल परिसर और कैदियों के बीच हड़कंप मच गया।
रात करीब 8:15 बजे शुरू हुए इस सघन तलाशी अभियान की रणनीति बेहद गोपनीय रखी गई थी। छापेमारी से ठीक पहले सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की एक संयुक्त ब्रीफिंग हुई। इसके बाद तय योजना के मुताबिक, सिटी एसपी ललित मीना और धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्नव मिश्रा सहित 11 मजिस्ट्रेट और लगभग 200 पुलिसकर्मियों की भारी-भरकम टीम एक साथ जेल परिसर में दाखिल हुई।
लगभग दो घंटे तक चले इस मैराथन अभियान के दौरान प्रशासन की पूरी टीम ने जेल के एक-एक वार्ड, बैरक और संदिग्ध हिस्सों को बारीकी से खंगाला। हालांकि, इस सघन तलाशी में कोई बड़ा आपत्तिजनक सामान या मोबाइल आदि नहीं मिला। प्रतिबंधित सामग्री के नाम पर टीम के हाथ केवल बीड़ी, खैनी और माचिस ही लगी।
अभियान के सफलतापूर्वक संपन्न होने और पूरी जेल की गहन जांच के बाद एक खास नजारा देखने को मिला। जेल से बाहर निकलने पर उपायुक्त राजीव रंजन ने इस ऑपरेशन में शामिल पुलिस और प्रशासन की पूरी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ सामूहिक फोटोग्राफी भी करायी। प्रशासन की इस मुस्तैदी से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जेल के भीतर कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


