रांची. झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने प्रशासनिक और सेवा से जुड़े चार अहम मामलों में फैसले सुनाते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए हैं। अदालत ने वरिष्ठता के आधार पर आइएएस अधिकारी को उचित पद देने के साथ-साथ वन निगम कर्मी, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और दैनिक वेतनभोगी जीप चालक को भी बड़ी राहत दी है।
प्रशासनिक पदस्थापन के मामले में अदालत ने 2014 बैच के आइएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल को अपर सचिव या समकक्ष पद पर पदस्थापित करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब 2015 बैच के अधिकारियों को अपर सचिव पद मिल चुका है, तो उनसे वरिष्ठ 2014 बैच के अधिकारी को संयुक्त सचिव बनाए रखना सही नहीं है। सरकार को छह सप्ताह के भीतर पदस्थापन आदेश जारी करने को कहा गया है।
सेवानिवृत्ति से जुड़े मामले में कोर्ट ने वन निगम के कर्मचारी रामेश्वर प्रसाद सिन्हा को 58 वर्ष की आयु में रिटायर करने के आदेश को रद कर दिया। उन्हें 60 वर्ष तक सेवा में मानते हुए बकाया वेतन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ 16 सप्ताह के भीतर देने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर भोला मिश्रा को पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ देते हुए बेसिक पे स्केल 14,940 रुपये तय किया गया है और 12 सप्ताह में बकाया एरियर भुगतान का आदेश दिया गया है। इसके अलावा, वर्ष 2009 से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी जीप चालक कुलदीप कुमार तुरी की सेवा भी आठ सप्ताह के भीतर नियमित करने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट के इन फैसलों से संबंधित कर्मियों और अधिकारियों को लंबा इंतजार समाप्त होने की उम्मीद मिली है।


