जमशेदपुर. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सोमवार सुबह टाटा मोटर्स अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार के साथ-साथ राजनीतिक, सामाजिक और आम लोगों में गहरा दुख फैल गया।
सोमवार को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास से जब उनकी अंतिम यात्रा निकली, तो हर आंख नम थी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। भारी जनसैलाब के बीच लोगों ने नम आंखों और भारी मन से सायरा मुंडा को अंतिम विदाई दी। इसके बाद स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी मां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि मां के जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जीवन का वह सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल आसान और हर पीड़ा हल्की लगने लगती थी।
उल्लेखनीय है कि सायरा मुंडा के स्वास्थ्य को लेकर दो दिन पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन मुंडा से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना था। सोमवार को निधन की सूचना मिलते ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य नागरिक शोक संवेदना व्यक्त करने व श्रद्धांजलि देने जमशेदपुर पहुंचे। इस दुखद घड़ी में पूरे शहर और क्षेत्र में शोक का माहौल बना रहा, जहां हर कोई दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल मिलने की प्रार्थना करता नजर आया।


