Chakardharpur. पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव-कोचांग मुख्य मार्ग पर करकट्टा घाटी के समीप रविवार को एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. सड़क किनारे युवक का शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या सब्बल से वार कर किए जाने की बात सामने आई है.
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. रविवार सुबह ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी मुखिया करम सिंह मुंडरी को दी. मुखिया ने मामले की सूचना बंदगांव थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सोमा समद और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और बंदगांव-कोचांग मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों से पूछताछ की.
पूछताछ के दौरान मृतक के बंदगांव थाना क्षेत्र की सावनिया पंचायत अंतर्गत अंगरिया गांव का निवासी होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस और मुखिया करम सिंह मुंडरी मृतक के गांव पहुंचे. वहां से परिजनों और ग्रामीणों को घटनास्थल पर लाया गया, जहां शव की पहचान की गई. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच के दौरान मृतक की बाइक और अन्य सामान भी बरामद किया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है.


