रांची. झारखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और जरूरतमंदों तक सीमित रखने के लिए राज्य सरकार ने राशन कार्ड से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से 23 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, अब हर पांच वर्ष में राशन कार्डधारी परिवारों की पात्रता की समीक्षा की जाएगी और अनिवार्य ई-केवाईसी (e-KYC) भी करानी होगी। इसके साथ ही लगातार छह महीने तक राशन का उठाव न करने वाले लाभार्थियों के कार्ड अस्थायी रूप से अयोग्य किए जा सकेंगे।
बचाव और सत्यापन के लिए मिलेगा समय हालांकि, सरकार ने लाभार्थियों को राहत देते हुए तत्काल कार्ड रद्द करने के बजाय पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन का मौका देने की व्यवस्था की है। लगातार छह माह तक राशन नहीं उठाने वाले कार्डधारकों के मामले में कार्ड का पुनर्मूल्यांकन, क्षेत्र सत्यापन और ई-केवाईसी की प्रक्रिया अगले तीन महीनों में पूरी की जाएगी, जिससे पात्र लोग अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकें।
वहीं, राज्य के भीतर या बाहर डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित राशन कार्डों को अस्थायी रूप से अयोग्य किया जा सकेगा, लेकिन संबंधित लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों और ई-केवाईसी के जरिए अपनी पात्रता साबित करने के लिए तीन माह का समय मिलेगा।
उम्र, बच्चों और ऑनलाइन प्रतीक्षा सूची के नियम
नई अधिसूचना के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी करने से पहले कोई भी सदस्य अलग राशन कार्ड रखने का पात्र नहीं होगा। पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों का आधार नंबर उपलब्ध होने पर दर्ज किया जाएगा और पांच साल पूरे होने के एक वर्ष के भीतर उनका ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा। इसके अलावा नए राशन कार्ड जारी करने में ‘पहले आवेदन, पहले लाभ’ की व्यवस्था लागू होगी और पारदर्शी प्रतीक्षा सूची ऑनलाइन वेब पोर्टल पर सार्वजनिक रूप से दिखेगी, ताकि आवेदक वास्तविक समय में अपने आवेदन की स्थिति देख सकें। विशेष परिस्थितियों में कमजोर व जरूरतमंद वर्गों को निर्धारित मानकों के अनुसार प्राथमिकता देने का अधिकार सरकार के पास रहेगा।
बीमार या दिव्यांग दुकानदार के आश्रित को लाइसेंस
उचित मूल्य की राशन दुकान के लाइसेंस हस्तांतरण के नियमों में भी बदलाव किया गया है। यदि लाइसेंसधारी असाध्य रोग से ग्रसित हैं, शारीरिक रूप से अक्षम हैं या चलने-फिरने में असमर्थ हैं, तो लाइसेंस आश्रित बेरोजगार पति-पत्नी, पुत्र, अविवाहित पुत्री, विधवा बहू, विधवा पुत्री, परित्यक्ता पुत्री अथवा कानूनी प्रावधानों के तहत दत्तक पुत्र या अविवाहित दत्तक पुत्री को हस्तांतरित हो सकेगा। इसके लिए सक्षम चिकित्सा पदाधिकारी का प्रमाण पत्र, दस्तावेज सत्यापन और अनुज्ञापन पदाधिकारी की संतुष्टि अनिवार्य होगी।



