Ranchi. झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच कर रही सीआईडी ने कोडरमा में बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार देर रात पहुंची सीआईडी की दो अलग-अलग टीमों ने छापामारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर निवासी संदीप कुमार और डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवढाब निवासी राजेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। सीआईडी की टीम दोनों को अपने साथ रांची ले गई, जहां उनसे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ में सामने आए थे दोनों नाम
जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में पहले गिरफ्तार आरोपितों और बिचौलियों से पूछताछ के दौरान दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद सीआईडी ने उनके ठिकानों पर छापामारी कर कार्रवाई की।
परीक्षा में सेटिंग कराने का आरोप
बताया जा रहा है कि संदीप कुमार और राजेश यादव आपस में दोस्त हैं। दोनों पर परीक्षा में सेटिंग कराने के नाम पर मध्यस्थ की भूमिका निभाने का कथित आरोप है।


