खड़गपुर. पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस (GRP) ने एक ऐसे शातिर यात्री को दबोचा है, जिसके पास से करोड़ों की काली कमाई बरामद हुई है। टाटानगर से हावड़ा जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रहे इस युवक के बैग से पुलिस ने 1.40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। इतनी बड़ी रकम देखकर जांच कर रहे पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए।
प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर यूं खुला राज
घटना खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 की है, जहां जीआरपी की टीम हमेशा की तरह रूटीन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसकी हरकतें और हावड़ा की तरफ जाने की जल्दबाजी काफी संदिग्ध लग रही थी। शक के आधार पर जवानों ने उसे रोककर उसके सामान की तलाशी ली। जैसे ही बैग की जिप खुली, अंदर का नजारा देखकर अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं।
बैग के अंदर नोटों के बंडल करीने से छिपाकर रखे गए थे। जब पुलिस ने मौके पर ही गिनती करवाई, तो कुल रकम 1 करोड़ 40 लाख रुपये निकली।
संतोषजनक जवाब नहीं दे सका आरोपी
इतनी भारी मात्रा में कैश मिलने के बाद पुलिस ने युवक से कड़ाई से पूछताछ शुरू की, लेकिन वह इस बात का कोई भी वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका कि वह इतनी बड़ी रकम कहां से लाया था और इसे कहां डिलीवर करने जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी युवक मूल रूप से हावड़ा का रहने वाला है और वह टाटानगर स्टेशन से इस ट्रेन में सवार हुआ था।
फिलहाल, जीआरपी ने पूरी नकदी को जब्त कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। यह मामला हवाला कारोबार से जुड़ा है या इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट है, पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है।


