पटना. बिहार के खगड़िया जिले में चलती ट्रेन में झपटमारी करने वाले अपराधियों को यात्रियों ने इस बार ऐसा सबक सिखाया, जिसे सोशल मीडिया पर देखने वाले दंग रह गए. शुक्रवार की रात जनहित एक्सप्रेस ट्रेन में हुई इस खौफनाक और हैरान कर देने वाली घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की मुस्तैदी दोनों को चर्चा में ला दिया है.
खिड़की से झपट्टा मारना पड़ा भारी
घटना की शुरुआत मानसी रेलवे स्टेशन से हुई. जैसे ही जनहित एक्सप्रेस स्टेशन से खुली और रफ्तार पकड़ने लगी, तभी ट्रेन की खिड़की के पास बैठे एक यात्री का मोबाइल फोन बाहर खड़े एक बदमाश ने झपट लिया. अमूमन ऐसे मामलों में चोर मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं, लेकिन इस बार पासा उल्टा पड़ गया. ट्रेन के अंदर बैठे यात्री और उनके आसपास के सहयात्रियों ने फुर्ती दिखाते हुए भाग रहे चोर का हाथ कसकर दबोच लिया.
9 किलोमीटर का खौफनाक सफर
चोर का हाथ पकड़े जाने के बाद ट्रेन ने गति पकड़ ली. नतीजा यह हुआ कि आरोपी करीब 9 किलोमीटर तक चलती ट्रेन की खिड़की से बाहर हवा में लटका रहा. मानसी स्टेशन से लेकर खगड़िया स्टेशन तक का यह सफर उस चोर के लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ. इस दौरान आरोपी लगातार खुद को छोड़ने और बचाने की गुहार लगाता रहा. वह बार-बार रोते हुए चिल्ला रहा था, “हाथ टूट जाएगा भैया, धर कर चलिए… हम चोरी नहीं कर रहे थे.” इस बीच, खिड़की पर लटके होने के बावजूद कुछ नाराज यात्रियों ने उसे थप्पड़ भी रसीद किए.
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों का कहना था कि यदि बीच रास्ते में चोर का हाथ छोड़ दिया जाता, तो वह तेज रफ्तार ट्रेन से नीचे गिर जाता और उसकी जान भी जा सकती थी. इसलिए मानवीय संवेदनाओं और सबक सिखाने की भावना के बीच यात्रियों ने उसे खगड़िया स्टेशन आने तक मजबूती से पकड़े रखा.
पुलिस की कार्रवाई और असली पहचान
जैसे ही ट्रेन खगड़िया स्टेशन पर रुकी, वहां पहले से मुस्तैद रेलवे पुलिस (GRP) ने आरोपी को तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया. शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपना नाम पंकज यादव उर्फ छोटू यादव बताया, लेकिन जीआरपी की कड़ाई से पूछताछ के बाद उसकी असली पहचान सामने आई.
खगड़िया रेल थाना अध्यक्ष मोहम्मद अलादीन के मुताबिक, आरोपी का असली नाम बरकत मंसूरी है, जो नवगछिया के मुमताज मोहल्ला का रहने वाला है. पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं (317(5) और 304(2)) के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जो झपटमारी और यात्रियों की जान जोखिम में डालने से जुड़ी हैं. आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है.
- स्वास्थ्य सेवा वेंटीलेटर पर!, झारखंड में खाट बनी एम्बुलेंस, चार किलोमीटर पैदल चलकर बचाई गर्भवती की जान - July 11, 2026
- चलती ट्रेन की खिड़की से 9 किलोमीटर तक लटका रहा मोबाइल चोर, यात्रियों ने सिखाया सबक - July 11, 2026
- उत्तर प्रदेश में चार अपराधियों को पुलिस ने ढेर किया, क्या झारखंड पुलिस लेगी सबक? - July 11, 2026





