Ranchi. झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने शनिवार को पुलिस को पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया. इन लोगों पर फर्जी दस्तावेज जमा कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की कोशिश का आरोप है. साहिबगंज के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संथाल परगना क्षेत्र के विभिन्न जिलों से मिली शिकायतों के सत्यापन की प्रक्रिया का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने से जुड़े मामलों की जांच की.
कुमार ने संवाददाताओं से कहा,‘हमें पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहरवा प्रखंड से कुछ शिकायतें मिली थीं. जांच के दौरान फर्जी दस्तावेज जमा करने के कुछ मामले सामने आए. एक सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) संचालक की भी पहचान हुई है, जो फर्जी प्रमाणपत्र उपलब्ध करा रहा था. उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.’’
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बयान के अनुसार, चारों आरोपियों रुबेदा बीवा, रवि शेख, पिंटू शेख और सेंटू शेख पर आरोप है कि उन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फर्जी आवासीय प्रमाणपत्र जमा किए थे. सीएससी संचालक की पहचान मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है.
सीईओ ने बरहरवा में आरोपियों के घरों का दौरा कर मौके पर निरीक्षण किया. बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि औपचारिक शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. निर्वाचन आयोग ने पांच अगस्त को झारखंड में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की थी, जिसमें 43.61 लाख से अधिक नाम हटाए गए थे.



