इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) ने उच्च शिक्षा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जुलाई 2026 सत्र के लिए एक नया और विशेष मास्टर डिग्री प्रोग्राम शुरू किया है. स्कूल ऑफ एक्सटेंशन एंड डेवलपमेंट स्टडीज के तहत शुरू किए गए ‘एमए इन डेवलपमेंट स्टडीज’ (MADVSOY) कोर्स की कुल अवधि एक साल रखी गई है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के 4-वर्षीय अंडरग्रेजुएट फ्रेमवर्क को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किए गए इस कोर्स का उद्देश्य छात्रों को डेवलपमेंट सेक्टर, एनजीओ, सीएसआर और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों के लिए तैयार करना है.
कोर्स की मुख्य विशेषताएं और फीस
यह एक वर्षीय मास्टर डिग्री प्रोग्राम कुल 40 क्रेडिट्स का है, जिसे दो सेमेस्टर में विभाजित किया गया है:
- सेमेस्टर 1 (20 क्रेडिट्स): इसमें विकास के सिद्धांत (Development Theories), विकास की गतिशीलता (Dynamics of Development) और विकास की चुनौतियां जैसे तीन अनिवार्य विषय पढ़ाए जाएंगे.
- सेमेस्टर 2 (20 क्रेडिट्स): इसमें रिसर्च मेथेडोलॉजी अनिवार्य रहेगा, जबकि छात्रों को जेंडर, अर्बन डेवलपमेंट, सीएसआर (CSR), लोकल सेल्फ गवर्नेंस और प्रोजेक्ट वर्क जैसे इलेक्टिव पेपर्स में से चुनने का अवसर मिलेगा. सबसे खास बात यह है कि इस पूरे 1 साल के कोर्स की कुल फीस मात्र 8,000 रुपये रखी गई है, जो इसे आर्थिक रूप से बेहद किफायती बनाती है.
कौन ले सकता है एडमिशन? (योग्यता)
यह प्रोग्राम विशेष रूप से उन युवाओं के लिए है जिन्होंने चार साल की उच्च शिक्षा पूरी कर ली है. इसमें निम्नलिखित अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र हैं:
- FYUP ग्रेजुएट्स: किसी भी स्ट्रीम से 4 साल का अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम पास करने वाले छात्र.
- इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स: किसी भी ब्रांच से 4 साल की BTech या BE डिग्री पूरी करने वाले युवा.
- कृषि एवं संबंद्ध ग्रेजुएट्स: 4 साल या 5 साल का प्रोफेशनल एग्रीकल्चर या इससे जुड़ा अंडरग्रेजुएट कोर्स करने वाले कैंडिडेट्स.
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
योग्य और इच्छुक छात्र इग्नू एडमिशन पोर्टल के माध्यम से आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं:
- सबसे पहले इग्नू समर्थ पोर्टल पर जाएं.
- होमपेज पर ‘New Registration’ पर क्लिक करके अपना यूजर आईडी और पासवर्ड बनाएं.
- लॉगिन करने के बाद प्रोग्राम के विकल्प में ‘One-Year MA in Development Studies (MADVSOY)’ को चुनें.
- अपनी शैक्षणिक योग्यता से जुड़े जरूरी दस्तावेज और स्कैन की गई कॉपी अपलोड करें.
- नेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से 8,000 रुपये की कुल फीस का भुगतान करें.
- फॉर्म सबमिट करने के बाद भविष्य के संदर्भ के लिए कंफर्मेशन पेज का प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रख लें.
इस कोर्स से जुड़ी अधिक जानकारी और ऑफिशियल नोटिफिकेशन देखने के लिए आप MADVSOY ऑफिशियल नोटिफिकेशन पर विजिट कर सकते हैं.



