मुंबई. आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) केवल एक तकनीकी ट्रेंड नहीं, बल्कि हर इंडस्ट्री की बुनियादी जरूरत बन चुका है. ऐसे में जो कामकाजी पेशेवर (Working Professionals) बिना अपनी नौकरी छोड़े खुद को अपग्रेड करना चाहते थे, उनके लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT Bombay) ने एक शानदार अवसर पेश किया है.
संस्थान ने कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Computer Science and Artificial Intelligence) में एक नया e-PG Diploma लॉन्च किया है, जो सीधे तौर पर रोजगार परकता (Employability) और करियर ग्रोथ को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
रोजगार के लिहाज से क्यों खास है यह डिप्लोमा?
बदलते तकनीकी परिवेश में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा साइंस और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में स्किल्स की मांग तेजी से बदल रही है. इस कोर्स का पाठ्यक्रम (Curriculum) इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह छात्रों और प्रोफेशनल्स को इंडस्ट्री की वर्तमान जरूरतों के बिल्कुल मुफीद बनाता है. इस प्रोग्राम की मदद से तकनीकी क्षेत्र से जुड़े युवा और पेशेवर अपनी वर्तमान जॉब को बिना छोड़े अपनी तकनीकी दक्षता (Technical Competency) को काफी मजबूत कर सकते हैं.
पाठ्यक्रम और संरचना (Curriculum Structure)
यह e-PG डिप्लोमा कुल 36 आईआईटी बॉम्बे क्रेडिट का है, जिसे दो मुख्य बास्केट में बांटा गया है:
- कंप्यूटर साइंस बास्केट: इसमें एडवांस्ड प्रोग्रामिंग, कंप्यूटिंग सिस्टम, एल्गोरिदम एंड कॉम्प्लेक्सिटी, ब्लॉकचेन, वेब एंड सॉफ्टवेयर सिक्योरिटी, क्रिप्टोग्राफी और बिग डेटा मैनेजमेंट जैसे विषय शामिल हैं.
- AI और ML बास्केट: यह आज के एप्लॉयबिलिटी बाजार का सबसे हॉट सेक्टर है, जिसमें जेनेरेटिव AI, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM), AI एजेंट्स, रिट्रीवल-ऑगमेंटेड जनरेशन (RAG), मॉडल कॉन्टैक्ट प्रोटोकॉल (MCP), रिइंफोर्समेंट लर्निंग, कंप्यूटर विजन, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP) और डीप लर्निंग की शिक्षा दी जाती है.
छात्रों को इन दोनों बास्केट से कम से कम दो-दो कोर्स पूरे करने होते हैं, जिससे वे कोर कंप्यूटर साइंस के साथ-साथ अत्याधुनिक AI तकनीकों में भी पारंगत हो जाते हैं.
किसे मिलेगा इस कोर्स का सीधा लाभ?
यह कोर्स विशेष रूप से उन लोगों के लिए वरदान साबित हो सकता है जो पहले से ही तकनीक के क्षेत्र में हैं या इस क्षेत्र में मजबूत एंट्री चाहते हैं:
- सॉफ्टवेयर डेवलपर्स और इंजीनियर: जो अपने कौशल को औपचारिक रूप से प्रमाणित (Formalise) करना चाहते हैं.
- IT प्रोफेशनल्स: जो AI के बढ़ते दखल के बीच अपनी नौकरी की सुरक्षा और प्रमोशन के रास्ते तलाश रहे हैं.
- डेटा साइंटिस्ट और ML प्रैक्टिशनर: जो अपनी विशेषज्ञता को और अधिक उन्नत स्तर पर ले जाना चाहते हैं.
कंप्यूटर साइंस बैकग्राउंड के फ्रेशर्स: जो एक प्रतिष्ठित संस्थान की डिग्री के साथ अपने करियर की शुरुआत करना चाहते हैं.
शिक्षण प्रारूप और लचीलापन
कामकाजी लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस प्रोग्राम को ब्लेंडेड मोड में रखा गया है. इसमें लाइव ऑनलाइन क्लास और सेल्फ-पेस्ड रिकॉर्डेड सेशन की सुविधा मिलती है. साथ ही, आईआईटी बॉम्बे के परिसर में ऑन-साइट कैंपस इमर्शन और परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं, जिससे छात्रों को संस्थान के बेहतरीन माहौल और फैकल्टी से सीधा मार्गदर्शन मिलता है.
इस कोर्स की सामान्य अवधि 1 वर्ष है, लेकिन कामकाजी प्रोफेशनल्स की सहूलियत को देखते हुए इसे 3 साल तक के लचीले समय में पूरा करने की छूट दी गई है. कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्रों को आईआईटी बॉम्बे की ओर से ई-पीजी डिप्लोमा और प्रतिष्ठित ई-एलुमनी (e-Alumni) का दर्जा मिलता है, जो उनके बायोडाटा और करियर की संभावनाओं को नई ऊंचाइयां देने के लिए पर्याप्त है.





