Ranchi. बीआईटी मेसरा के हॉस्टल नंबर-9 में एमएससी फिजिक्स की छात्रा अंजली सुमन की मौत हो गई। शुक्रवार देर रात छात्रा का शव उसके कमरे में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर बीआईटी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंजली मूल रूप से गोड्डा की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अंजली अपने कमरे में चली गई थी। काफी देर तक उसके कमरे से बाहर नहीं निकलने पर हॉस्टल की अन्य छात्राओं को संदेह हुआ।
छात्राओं ने इसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन को दी। इसके बाद कमरे की जांच की गई, जहां अंजली मृत मिली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
डायरी में पारिवारिक परिस्थितियों का जिक्र
पुलिस ने छात्रा के कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली है। पुलिस के अनुसार, डायरी में अंजली ने अपने पारिवारिक हालात का जिक्र किया है। इन परिस्थितियों के कारण परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस डायरी में दर्ज बातों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा की मौत के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही। फिलहाल पुलिस ने मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। घटना के बाद कॉलेज और हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के बीच भी शोक का माहौल है।
परिजनों और सहपाठियों से पूछताछ
बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास के अनुसार फिलहाल मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम आज होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ पुलिस छात्रा के परिजनों और हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से भी जानकारी जुटाएगी। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है।


