Bokaro. बोकारो कपोजिट कंट्रोल रूम (सीसीआर) के डीएसपी राम प्रवेश कुमार पर पत्नी को प्रताड़ित करने और मायके से पैसे लाने के लिए 10 दिनों तक कमरे में बंद रखकर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित पत्नी ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद मंगलवार को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
प्राथमिकी में पत्नी ने बताया कि 11 मार्च 2026 को उसकी शादी राम प्रवेश कुमार से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही राम प्रवेश मायके से पैसे लाने के लिए उसे प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता के अनुसार, वह लगातार बातचीत कर पति को समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। मायके से पैसे लाकर नहीं देने पर उसने मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पिछले 10 दिनों से पति ने उसे घर के एक कमरे में बंद कर रखा था। वह अक्सर कमरे में ही उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। पीड़िता के गिड़गिड़ाने के बावजूद वह उसे नहीं छोड़ता था। मारपीट में वह घायल हो गई। रांची पहुंचने के बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पतालमें भर्ती कराया गया है। पत्नी के आरोप के संबंध में डीएसपी राम प्रवेश कुमार से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, पर उन्होंने जवाब नहीं दिया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति को डर था कि वह मायके वालों को मारपीट की जानकारी दे देगी। इसलिए उसने पहले ही उसका मोबाइल छीन लिया था। घर से भागकर मायके चले जाने की आशंका में जब भी वह घर से बाहर जाता, उसे कमरे में बंद कर देता था। काफी कोशिश के बाद भी वह कमरे से बाहर नहीं निकल पाती थी। मायके से पैसे नहीं लाने पर वह अक्सर जान से मारने की धमकी देता था।



