Jamshedpur. तीन-चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सुवर्णरखा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसी बीच सुवर्णरखा नदी के देडांग घाट पर उफनते पानी में एक विशाल मगरमच्छ देखा गया। नदी के तेज बहाव में मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई। इसके बाद घाट किनारे ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जलस्तर बढ़ने के साथ ही मगरमच्छ को पानी की सतह पर तैरते हुए देखा गया। लोग अपने मोबाइल में इस दृश्य को कैद करते नजर आए। हालांकि, मगरमच्छ दिखने से तटीय इलाकों में दहशत का माहौल भी है। नदी के रौद्र रूप और मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि बाढ़ का पानी या नजारा देखने के लिए नदी तट के पास न जाएं। उफनती नदी में नाव चलाने, नहाने या मछली पकड़ने से सख्त परहेज करें। मवेशियों को नदी की तरफ ले जाने से बचें।



