
Jamshedpur. जमशेदपुर में गोलीबारी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है. अब सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी स्थित फुलबस्ती में गुरुवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूटी सवार दो युवकों ने ताबड़तोड़ चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना में फुलबस्ती निवासी मो. राजा के हाथ में दो गोलियां लगी हैं। घटना रात करीब 11:15 बजे की है. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया। घायल मो. राजा को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
शाम में विवाद, रात में गोली चली
घायल मो. राजा ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बाराद्वारी देवनगर आश्रम के पास साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. राजा का आरोप है कि भीड़ ने उसे घेरकर मारपीट की। इसके बाद उसने अपने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी और किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई. देर रात हुई गोलीबारी के बाद फुलबस्ती इलाके में आक्रोश का माहौल है.
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। सीतारामडेरा थाना पुलिस के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही हैस्थानीय निवासियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में शामिल मुख्य आरोपी इस्मायलु पेशेवर अपराधी बताया जा रहा है. उसके खिलाफ पहले से रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं. वह पूर्व में जेल भी जा चुका है.


