पटना. एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला कहे जाने वाला विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला अपनी प्राचीन परंपरा, सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक महत्व के साथ एक बार फिर सजने के लिए तैयार है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुरू होने वाला यह ऐतिहासिक आयोजन इस बार 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक कुल 32 दिनों तक चलेगा। सदियों पुराना यह मेला अपनी अतीत की गौरवशाली गाथा को समेटे हुए आज भी सनातन संस्कृति, लोक कला और व्यापार का सबसे बड़ा जीवंत मंच बना हुआ है।
जंगी हाथियों और स्वतंत्रता संग्राम की गवाही
सोनपुर मेले का इतिहास सदियों पुराना है और इसका संबंध सीधे पौराणिक काल के साथ-साथ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से भी जुड़ा रहा है। इतिहास के पन्नों को पलटें तो कभी इस विशाल मेले में राजा-महाराजाओं और सेनाओं के लिए जंगी हाथियों की खरीद-फरोख्त होती थी। देश-विदेश के व्यापारी यहां अपने बेहतरीन पशुओं के साथ पहुंचते थे।
इतना ही नहीं, ब्रिटिश काल के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के दिनों में इसी मेले की भीड़ और चौपालों का इस्तेमाल किसानों के हक की आवाज बुलंद करने और गुप्त बैठकों के लिए किया जाता था। यहां की माटी ने कबीर की निर्गुण भक्ति और आर्य समाज की वैदिक विचारधारा का गहरा प्रभाव झेला है, जिसने इसे सिर्फ एक पशु मेले से ऊपर उठाकर सामाजिक सुधार और वैचारिक मंथन का एक अनूठा केंद्र बना दिया। समय के साथ भले ही हाथियों और घोड़ों के व्यापार का स्वरूप बदला हो, लेकिन इस मेले की ऐतिहासिक रूह और सांस्कृतिक पहचान आज भी उतनी ही जीवंत है।
आधुनिकता के रंग में ढला ऐतिहासिक मेला
वर्तमान समय में सोनपुर मेला अपने पारंपरिक स्वरूप को बचाए रखते हुए आधुनिक आयोजनों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ भव्य रूप ले चुका है। इस बार मेला क्षेत्र में सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन ने 14 कोषांगों का गठन किया है, पूरे क्षेत्र को 2 जोन और 10 सब-जोन में बांटा गया है ताकि आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
इस बार मेले की भव्यता बढ़ाने के लिए कई विशेष आकर्षण जोड़े गए हैं:
विशाल मुख्य पंडाल और प्रवेश द्वार: मेले में 220 गुणा 100 फीट का एक विशाल मुख्य पंडाल बनाया जा रहा है, जबकि मुख्य मार्गों पर छह थीम आधारित भव्य द्वार आगंतुकों का स्वागत करेंगे।
आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज: देश-विदेश के हस्तशिल्पकारों की कलाकृतियों को मंच देने के लिए 38 हजार वर्गफीट क्षेत्र में एक आधुनिक आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज तैयार किया जा रहा है, जिसमें 35 विशेष स्टॉल होंगे।
सांस्कृतिक और पारंपरिक गतिविधियां: कला एवं संस्कृति विभाग के ‘इंद्रधनुष’ कार्यक्रम के तहत लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत और कव्वाली की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा पारंपरिक नौका दौड़, कुश्ती, पतंगबाजी, रामलीला और भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
पुस्तक मेला और खान-पान: साहित्य प्रेमियों के लिए 17 से 23 दिसंबर तक सात दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन होगा। साथ ही, बिहार के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए एक भव्य फूड कोर्ट भी बनाया जा रहा है।
अतीत की छांव में इतिहास के पन्नों को समेटे और आधुनिकता के साथ कदमताल करता यह सोनपुर मेला एक बार फिर साबित कर रहा है कि यह सिर्फ एक बाजार नहीं, बल्कि भारत की साझी संस्कृति, आस्था और इतिहास का एक जीता-जागता महाकुंभ है।


