Ranchi. झारखंड के कोडरमा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां स्कूल में परोसे गए मिड-डे मील को खाने के बाद 48 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई.बच्चों को तेज उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत जामु स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में हुई. स्कूल में मध्याह्न भोजन के तहत चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी तैयार की गई थी. भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों ने पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत करनी शुरू कर दी, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई.
स्कूल में उस दिन कुल 62 बच्चे उपस्थित थे, जिनमें से 48 बच्चे खाना खाने के बाद फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए. बच्चों की हालत बिगड़ती देख शिक्षकों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.


