डुमरांव. बक्सर की अदालत ने एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण फैसले में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने जिले में पहली बार एक अनूठा न्यायिक निर्देश देते हुए दोषी के आश्रित परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था करने का भी आदेश दिया है। यह फैसला सजा की कठोरता और मानवीय संवेदना के बीच संतुलन साधने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
एडीजे छह सह पाक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश अमित कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की ‘स्प्रोहा’ योजना के तहत यह निर्देश जारी किया है। अदालत ने पाया कि दोषी अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था और उसकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ऐसे में दोषी को सजा मिलने के बाद उसके निर्दोष आश्रित परिवार के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
दस वर्ष पुराने मामले में मिला न्याय
यह मामला वर्ष 2016 का है। डुमरांव थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय दिव्यांग नाबालिग के साथ पड़ोस के एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगा था। करीब दस वर्षों तक चली लंबी न्यायिक प्रक्रिया और सुनवाई के बाद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को दोषी करार दिया। अदालत ने दोषी को 10 वर्ष के कठोर कारावास के साथ एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की राशि अदा न करने की स्थिति में दोषी को एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
डीएनए रिपोर्ट बनी दोषसिद्धि का मजबूत आधार
सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले में डीएनए रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को बेहद महत्वपूर्ण माना। इन्हीं ठोस प्रमाणों के आधार पर युवक को दोषी ठहराया गया। न्यायिक प्रक्रिया में वैज्ञानिक और अन्य साक्ष्यों के तालमेल ने इस लंबे मामले को निष्कर्ष तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
परिवार के भविष्य और बच्चों की शिक्षा पर फोकस
इस फैसले की सबसे खास बात दोषी के आश्रित परिवार को मिलने वाली सहायता से जुड़ी है। अदालत ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि आरोपित के अपराध और सजा का असर उसके आश्रित परिवार के जीवन तथा बच्चों की पढ़ाई पर न पड़े। ‘स्प्रोहा’ योजना के तहत परिवार को आर्थिक और शैक्षिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
बक्सर जिले में पहली बार ऐसा न्यायिक आदेश
बक्सर जिले में पहली बार किसी दुष्कर्म के दोषी के परिवार के भरण-पोषण को लेकर इस तरह का आदेश सामने आया है। एक ओर अदालत ने गंभीर अपराध के दोषी को सख्त सजा देकर कानून का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आश्रित परिवार की आर्थिक और शैक्षिक जरूरतों का भी ध्यान रखा।


