रांची. झारखंड के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बदलते दौर के अनुरूप तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह के दौरान 3044 प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच राज्य के 24 जिलों में संचालित 34 प्रशिक्षण संस्थानों से कौशल प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार मिला है, जिनमें कल्याण गुरुकुल, नर्सिंग और आइटीआइ से जुड़े अभ्यर्थी शामिल हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का है, इसलिए युवाओं के लिए औपचारिक पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक हुनर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने ऐतिहासिक उद्योग एचइसी का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी जिसे मदर फैक्ट्री कहा जाता था और जिससे देश के अनेक उद्योग खड़े हुए, वह समय के साथ खुद को बदल नहीं पाने के कारण आज नीलामी के कगार पर पहुंच गई है। सीएम ने जोर दिया कि समय की गति के साथ खुद को ढालना ही सफलता की कुंजी है।
युवाओं के भविष्य को नई उड़ान देने के लिए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि दुमका में चयनित 15 युवाओं को राज्य सरकार अपने खर्च पर कॉमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग दिलाएगी, जिसमें आगे चलकर एयर होस्टेस कोर्स भी जोड़ा जाएगा। साथ ही दुमका से ही मेल नर्स का प्रशिक्षण शुरू करने की बात कही गई। इसके अलावा खनन, स्टील, पावर सेक्टर, गोल्ड माइनिंग और यूरेनियम माइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिलाने पर जोर दिया गया, ताकि राज्य की परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ सके।
शिक्षा और छात्रावासों की व्यवस्था को लेकर सीएम ने कहा कि कल्याण विभाग के सभी छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था सरकार करेगी और आवासीय विद्यालयों में रहने-खाने का पूरा इंतजाम सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रेझा फाउंडेशन के साथ आइआइटी मद्रास की पहल प्रवर्तक-एआइ फॉर ऑल तथा टीवीएस फाउंडेशन के बीच एमओयू भी हुए, जिससे स्कूल-कॉलेज के छात्रों को एआई प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। सीएम ने दुबई और चेन्नई में कार्यरत झारखंड के युवाओं से वर्चुअल व संवाद के माध्यम से उनके अनुभव भी जाने। इस मौके पर मंत्री चमरा लिंडा, हफीजुल हसन और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


