जमशेदपुर. आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र (आयडा) के लार्ज सेक्टर स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के गम्हरिया इंडेन बॉटलिंग प्लांट में चल रहे कामगारों के आंदोलन ने जमशेदपुर की घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को हिला दिया है। प्लांट में पिछले दो दिनों से सिलेंडरों की बॉटलिंग का काम ठप पड़ने से शहर में एक से दो दिन का बैकलॉग बनने की आशंका गहरा गई है। दूसरी ओर, शिफ्ट कटौती और छंटनी के विरोध में कर्मचारियों का प्रदर्शन सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
गम्हरिया बॉटलिंग प्लांट से प्रतिदिन औसतन 30 ट्रक एलपीजी सिलेंडर जमशेदपुर व आसपास के क्षेत्रों में भेजे जाते हैं। अकेले जमशेदपुर शहर में रोजाना करीब 9,000 इंडेन सिलेंडरों की खपत होती है। बॉटलिंग प्रक्रिया रुक जाने से स्थानीय गैस एजेंसियों के स्टॉक पर दबाव बढ़ गया है। यदि यह गतिरोध जल्द नहीं सुलझा, तो आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
संभावित किल्लत को भांपते हुए इंडेन प्रबंधन ने आपात योजना के तहत वैकल्पिक इंतजाम किए हैं। बोकारो और खड़गपुर स्थित बॉटलिंग प्लांट से सिलेंडर मंगाकर जमशेदपुर में आपूर्ति शुरू की गई है। प्रबंधन का कहना है कि धरने के कारण एक-दो दिन की देरी जरूर हो सकती है, लेकिन वैकल्पिक रूट से सप्लाई जारी रखकर स्थिति संभाली जा रही है ताकि ग्राहकों को बड़ी परेशानी न हो।
इस बीच, सोमवार को भी मजदूर प्लांट के गेट पर डटे रहे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि दो पालियां बंद कर जनरल शिफ्ट के नाम पर छंटनी स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं प्रबंधन के मुताबिक मांग फिलहाल कम होने से जनरल शिफ्ट में काम हो रहा है और श्रमिकों से बातचीत चल रही है, जिससे एक-दो दिनों में समाधान निकलने की उम्मीद है।


