Medninagar. झारखंड के पलामू जिले में रविवार को एक खेत से 27 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, शव छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखाही गांव स्थित मक्के के खेत से बरामद किया गया. मृतक की पहचान गांधी भुइयां के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि गांधी अपनी पत्नी को घर लाने के लिए ससुराल गया था। शव मक्के के खेत में पाया गया. छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि पीड़ित की कथित तौर पर उसके ससुर ने धारदार हथियार से हत्या की है. हत्या में इस्तेमाल खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद की गई है.
ससुर के साथ दूसरे मकान में सोने गया था मृतक
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात खाना खाने के बाद गांधी अपने ससुर जगदेव भुइयां के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित दूसरे मकान में सोने चला गया. इसके बाद रविवार सुबह खेत की ओर गये ग्रामीणों की नजर मकई के खेत में पड़े गांधी के शव पर पड़ी. शव देखते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
ससुर के फरार होने से गहराया संदेह
घटना के बाद मृतक का ससुर जगदेव भुइयां फरार बताया जा रहा है. उसके फरार होने से पुलिस को घटना को लेकर संदेह और गहरा हुआ है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति से मृतक के साथ मारपीट किये जाने की आशंका प्रतीत हो रही है. प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.


