जमशेदपुर. झारखंड के जमशेदपुर के पास धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-18) पर एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर चालक ने बाइक को सड़क पर करीब 3 किलोमीटर तक लगातार घसीटता चला गया। इस खौफनाक हादसे में गनीमत यह रही कि शुरुआती झटके में ही दोनों पिता-पुत्र सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, गुड़ाबांदा प्रखंड के सुड़की गांव के रहने वाले संतोष केवट (लगभग 53 वर्ष) अपने 14 वर्षीय बेटे सोमनाथ के साथ नरसिंहगढ़ से धालभूमगढ़ की ओर अपनी बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल हुए पिता-पुत्र
इस भयानक टक्कर के कारण संतोष केवट के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके नाबालिग बेटे सोमनाथ का एक पैर टूट गया है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नजदीकी धालभूमगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
इस दर्दनाक घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने एनएच पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के आतंक और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हाईवे पर बढ़ते भारी वाहनों के बेकाबू रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


