Garhwa. गढ़वा जिले के रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव में चोरों ने पुलिस इंस्पेक्टर सह गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी के पैतृक घर को निशाना बनाया। चोर सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों को तोड़कर करीब 12 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, परिवार की ओर से चोरी गए सामान का पूरा आकलन अभी नहीं किया गया है। ऐसे में वास्तविक नुकसान की राशि जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
सीढ़ी लगाकर घर में दाखिल हुए चोर
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे की है। चोरों ने घर तक पहुंचने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया और अंदर घुस गए। इसके बाद कमरों में रखी अलमारी और बक्सों को तोड़कर सामान खंगाला। चोर नकदी और जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिवार को चोरी की जानकारी मिली तो गांव में हड़कंप मच गया।
दो संदिग्धों पकड़ाए
चोरी की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध लोगों को पकड़कर रेहला पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की वारदात में इनकी क्या भूमिका थी और इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने शनिवार को बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चोरी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। मामले में वास्तविक चोरी की रकम और जेवरात की कीमत का आकलन भी किया जा रहा है।


