नई दिल्ली. ईपीएफओ (EPFO) के उन करोड़ों पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है, जिन्हें हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। अब ईपीएफओ पेंशनर्स को अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय जाने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है।
इस प्रक्रिया को बेहद आसान बनाते हुए अब पेंशनभोगी घर बैठे ही आसानी से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। विशेष बात यह है कि इस पूरी सुविधा के लिए पेंशनभोगियों को किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
इस डिजिटल पहल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ईपीएफओ के 74वें स्थापना दिवस पर एक विशेष जागरूकता बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो आइआइटी से रामादेवी तक संचालित की गई। क्षेत्रीय आयुक्त प्रथम शाहिद इकबाल नेद्वा द्वारा इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पेंशनभोगी तक घर बैठे इस डिजिटल सुविधा की जानकारी पहुंचे।
घर बैठे प्रमाणपत्र जमा करने के दो आसान तरीके
डाक विभाग की मुफ्त घर-घर सेवा: यदि आपको तकनीकी प्रक्रिया में कोई दिक्कत आती है, तो आप डाक विभाग की मदद ले सकते हैं। इसके लिए पेंशनर्स डाक विभाग के टोल फ्री नंबर
033-22029000पर कॉल करके डाकिया को अपने घर बुला सकते हैं। डाकिया आपके घर आकर जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को पूरा कर देगा। भविष्य निधि संगठन और डाक विभाग के बीच हुए करार के तहत यह सेवा पूरी तरह मुफ्त है।एंड्रॉइड मोबाइल ऐप के जरिए: पेंशनर्स खुद अपने एंड्रॉइड फोन के माध्यम से आधार आईडी ऐप और ‘जीवन प्रमाण’ ऐप डाउनलोड करके घर बैठे स्वयं अपना जीवन प्रमाण पत्र जनरेट कर सकते हैं। यह डिजिटल सेवा भी पूरी तरह से मुफ्त है।
यदि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी पेंशनभोगी को कोई समस्या आती है, तो वे सहायता के लिए जनसंपर्क अनुभाग के आधिकारिक नंबर 0512-2215644 पर संपर्क कर सकते हैं।


