रांची: झारखंड में नशे के सौदागरों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। हाल ही में राज्य के अलग-अलग इलाकों में की गई दो बड़ी कार्रवाइयों में कुल 441 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2.2 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन मामलों में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने चार अंतरराज्यीय तस्करों को भी दबोचा है।
गढ़वा में ट्रक की गुप्त तहखाने से निकला करोड़ों का गांजा
सबसे बड़ी सफलता गढ़वा जिले में मिली, जहां पुलिस ने रविवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की। गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास खड़े एक उत्तर प्रदेश पंजीकरण नंबर वाले कंटेनर ट्रक की तलाशी ली गई।
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष शेखर ने जानकारी दी कि ट्रक के अंदर एक विशेष रूप से बनाई गई गुप्त जगह में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने वहां से 426 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसे एक-एक किलोग्राम के 426 अलग-अलग प्लास्टिक पैकेटों में पैक किया गया था। इस जब्द मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 2.13 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, छापेमारी के वक्त ट्रक के पास कोई मौजूद नहीं था, इसलिए फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर चार तस्कर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई राजधानी रांची के पास टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर की गई। यहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शनिवार रात हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे से चार अंतरराज्यीय मादक तस्करों को धर दबोचा। उनके पास से 15 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब 7.5 लाख रुपये) बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे ओडिशा के बोलांगीर से गांजा खरीदकर उसे बिहार के चंपारण इलाके में खपाने ले जा रहे थे। गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि चौथा आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण का रहने वाला है और वही इसका मुख्य खरीदार था। इन सभी आरोपियों और जब्द गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रांची राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया है।
झारखंड पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की इस मुस्तैदी से नशे के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


