Dhanbad.धनबाद के वासेपुर में गैंगस्टर फहीम खान के भाई के साथ दो अन्य लोगों को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी. इस घटना में तीनों घायल हो गए. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वासेपुर में सोमवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया. इस गोलीबारी में तीन लोगों को गोली लगी है. जिन्हें गोली लगी है, उनमें गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानु खान, छपरा स्टोर के मालिक चंकी और एक महिला शामिल है.
अपराधियों ने यह पूरी वारदात दिनदहाड़े वासेपुर के सबसे व्यस्ततम भुली मोड़ के पास अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, बरवाअड्डा थाना प्रभारी, बैंक मोड़ थाना प्रभारी और भुली ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं.
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल तीनों घायलों का इलाज चल रहा है और सभी खतरे से बाहर हैं. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. पुलिस ने वारदात को लेकर जांच तेज कर दी है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
वहीं प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद अफरोज ने बताया कि बाइक सवार दो युवक आए थे. बाइक के पीछे पैठे युवक ने गोलीबारी शुरू कर दी. जिसमें तीन लोगों को गोली लगी है. वारदात के बाद बाइक सवार अपराधी मौके से फरार हो गए.


