Jamshedpur: बेटे के जन्म की खुशी में दोस्त के साथ शराब पीना एक युवक को भारी पड़ गया. नशे की हालत में घायल होकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे बिहार के भोजपुर जिले के जेठवार निवासी चंदन कुमार (23) ने सोमवार को कई घंटे तक अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. इस दौरान उसने चिकित्सकों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, लोगों से मारपीट की और वाहनों को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया. उसे नियंत्रित करने के दौरान होमगार्ड जवानों को भी हल्की चोटें आईं.
करीब तीन दिन पहले चंदन की पत्नी ने एमजीएम अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है. पत्नी फिलहाल गायनिक वार्ड में भर्ती है. सोमवार दोपहर करीब तीन बजे चंदन का एक दोस्त अस्पताल पहुंचा और बेटे के जन्म की खुशी में शराब पिलाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया. करीब एक घंटे बाद चंदन खून से लथपथ हालत में अस्पताल वापस लौटा.
चंदन ने आरोप लगाया कि दोस्त ने शराब पिलाने के बाद उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं. अस्पताल लौटने के बाद वह नशे की हालत में आक्रोशित हो गया और गायनिक वार्ड, इमरजेंसी तथा ड्रेसिंग रूम के आसपास हंगामा करने लगा.
इस दौरान वह कभी लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता तो कभी अस्पताल परिसर में खड़े वाहनों पर हमला करने का प्रयास करता. वह जमीन पर लेटकर अपने दोस्त पर धोखा देने का आरोप भी लगाता रहा. काफी देर तक चले हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने होमगार्ड जवानों की मदद से उसे नियंत्रित किया.
बाद में उसे इंजेक्शन देकर शांत कराया गया. शाम करीब साढ़े छह बजे उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. चिकित्सीय जांच के दौरान उसका ब्लड प्रेशर कम पाया गया. इसके बावजूद देर रात तक वह नशे की हालत में गाली-गलौज करता रहा. फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.



