रांची/जमशेदपुर. त्योहारों के इस पावन और उत्सवी माहौल में बाजारों से मिठाइयां और खाद्य पदार्थ खरीदने वाले उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दीपावली और छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर और रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई ताबड़तोड़ छापेमारी के दौरान मिलावटखोरी और भारी गंदगी का काला सच बेनकाब हुआ है। पटमदा, बोड़ाम, डिमना रोड से लेकर कोकर और बूटी मोड़ तक की दुकानों में एक्सपायरी खोवा, मिलावटी पनीर, प्रतिबंधित रंगों और यहाँ तक कि पशु आहार से बेसन तैयार किए जाने के खुलासे ने आम जनता के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खतरनाक खिलवाड़ की पोल खोल दी है।
पशु आहार से तैयार हो रहा था बेसन
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जब पटमदा के बेलटांड़ चौक समेत लगभग 30 दुकानों और होटलों की जांच की, तो वहां जो मिला, उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। पटमदा में एक दुकान पर बेसन की जगह पशु आहार (कैटल फीड) का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर बेसन तैयार किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। इसके अलावा, मिठाइयों को आकर्षक लुक देने के लिए खतरनाक और प्रतिबंधित अखाद्य रंगों का खुलेआम प्रयोग किया जा रहा था, जो इंसानी शरीर के लिए बेहद नुकसानदेह साबित हो सकता है।
होटलों के किचन में पसरी थी घोर गंदगी
सिर्फ किराना दुकानें ही नहीं, बल्कि नामचीन रेस्टोरेंट भी इस लापरवाही के दायरे में आए। डिमना चौक स्थित ‘सुमन होटल एंड रेस्टोरेंट’ के किचन में जब टीम ने निरीक्षण किया, तो वहां साफ-सफाई के नाम पर सिर्फ गंदगी का साम्राज्य मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि किचन के भीतर चूहे और कॉकरोच घूमते हुए पाए गए। इस दौरान वहां से 3 किलो मिलावटी पनीर और 12 किलो एक्सपायर्ड पैकेट बंद बेसन भी बरामद किया गया। वहीं, एमजीएम अस्पताल के गेट के पास लगने वाले ठेलों पर बिकने वाली मिठाइयों में भी अखाद्य रंगों की पुष्टि हुई।
तत्काल नष्ट किए गए अखाद्य पदार्थ
फूड सेफ्टी ऑफिसर संजय कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 24 किलो अखाद्य व एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, 10 लीटर खराब खाद्य तेल और एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स के 14 पैकेट मौके पर ही नष्ट कराए गए। विभाग ने सभी दुकानदारों को साफ-सुथरा माहौल बनाए रखने और मिलावटखोरी से बाज आने की सख्त चेतावनी दी है। त्यौहारों के सीजन में इस तरह के खुलासों ने आम नागरिकों की चिंता को काफी बढ़ा दिया है।
एक्सपायरी दूध-खोवा और मिलावटी पनीर बरामद
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रांची के तुपुदाना चौक के समीप स्थित बजरंग स्वीट्स में छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान से एक्सपायरी दूध और खोवा, मिलावटी पनीर तथा खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल के लिए प्रतिबंधित रंग बरामद किए गए। टीम को दुकान में सनपापड़ी, दूध पेड़ा सहित अन्य मिठाइयां भी बिना लेबल और निर्माण तिथि के उल्लेख के रखी मिलीं। जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की टीम ने प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव की जांच की। इस दौरान एक्सपायरी सामग्री और प्रतिबंधित रंग मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से शहर में जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।


