Dhanbad. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से कथित तौर पर रंगदारी का गिरोह चलाने वाले भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि धनबाद पुलिस ने कोलकाता पुलिस की मदद से रविवार रात बंटी खान को गिरफ्तार किया और उसे धनबाद लाया गया. धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि बैंक मोड़ थाने में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रारंभिक पूछताछ के बाद बंटी खान को पैदल उसके कथित ठिकानों पर ले जाया गया.
हालांकि, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उसे शहर की सड़कों पर घुमाया गया, ताकि गैंगस्टर प्रिंस खान को लेकर लोगों में व्याप्त भय को दूर किया जा सके और यह संदेश दिया जा सके कि कानून अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस की जांच में पता चला कि बंटी खान फर्जी पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल कर देश से फरार होने की तैयारी कर रहा था. पुलिस के अधिकारी ने कहा, ‘ बंटी का उद्देश्य अपने फरार भाई प्रिंस खान तक पहुंचना था, जो लंबे समय से पुलिस के रडार पर है. प्रिंस खान विदेश से धनबाद और आसपास के इलाकों के कारोबारियों को धमकाने, रंगदारी वसूलने और जान से मारने की धमकी देने जैसी गतिविधियां संचालित करता रहा है.’
पुलिस ने बताया कि करीब चार साल जेल में रहने के बाद बंटी को इस साल जनवरी में रिहा किया गया था. उसे विभिन्न मामलों में जमानत मिल गई थी. पुलिस ने बताया कि मार्च 2022 में उत्तर प्रदेश के एक रेलवे स्टेशन पर बंटी को उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया था.


