जमशेदपुर: खेल के मैदान में पसीना बहाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले देश के युवाओं के लिए भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी पाने का एक बेहतरीन और सुनहरा अवसर सामने आया है। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) ने खेल प्रेमियों और योग्य खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स कोटे के अंतर्गत कुल 54 पदों पर नई भर्तियों का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया है।
इस भर्ती प्रक्रिया के शुरू होने से उन युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है जो खेलों में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर देश की सेवा करना चाहते हैं। रेलवे की यह पहल खेल जगत के युवाओं के लिए एक बड़ा तोहफा साबित हो रही है।
ग्रुप ‘सी’ और ‘ग्रुप ‘डी’ के पदों पर होगी नियुक्ति
दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, यह भर्तियां विभिन्न खेल संवर्गों के लिए की जा रही हैं। इनमें मुख्य रूप से ग्रुप ‘सी’ (पे लेवल 2, 3, 4 और 5) तथा ग्रुप ‘डी’ (पे लेवल 1) के पद शामिल हैं। योग्य और इच्छुक खिलाड़ी रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC) की आधिकारिक वेबसाइट www.rrcser.co.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है, और इसके लिए उम्मीदवार आगामी 30 नवंबर 2026 तक अपने आवेदन सफलताપूर्वक जमा कर सकेंगे। तय अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा के नियम
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है, जिसमें 10वीं पास, 12वीं कक्षा उत्तीर्ण अथवा स्नातक की डिग्री शामिल है। इसके अलावा, आवेदक की आयु सीमा 1 जनवरी 2027 के आधार पर न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती में आयु सीमा के नियमों के तहत किसी भी विशेष वर्ग को कोई अतिरिक्त छूट नहीं दी जाएगी। साथ ही, आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास 1 अप्रैल 2024 या उसके बाद आयोजित हुई खेल प्रतियोगिताओं के ही वैध खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र होने अनिवार्य हैं।
चयन प्रक्रिया और अंकों का पूरा गणित
उम्मीदवारों का अंतिम चयन कुल 100 अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट लिस्ट के माध्यम से किया जाएगा। इस पूरी चयन प्रक्रिया में खेल उपलब्धियों के लिए 50 अंक, फील्ड ट्रायल यानी कौशल और शारीरिक फिटनेस परीक्षण के लिए 40 अंक, तथा शैक्षणिक योग्यता के लिए 10 अंक निर्धारित किए गए हैं।
मैदान पर होने वाले फील्ड ट्रायल में 40 में से कम से कम 25 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जबकि अन्य आरक्षित श्रेणियों के लिए शुल्क 250 रुपये तय किया गया है। ट्रायल में शामिल होने वाले योग्य अभ्यर्थियों को शुल्क का एक निश्चित हिस्सा वापस भी किया जाएगा।


