जमशेदपुर. आदित्यपुर थाना क्षेत्र के कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में हुई निखिल कुमार दे की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। इस खूनी वारदात में संलिप्त दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाटिया बस्ती काली मंदिर के पास रहने वाले करीब 20 वर्षीय निखिल कुमार दे की 17 नवंबर की दोपहर को निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता के बयान पर आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक और मुख्य आरोपी करण सुरेन उर्फ डेले के बीच पुराना विवाद था और दोनों कभी अच्छे दोस्त हुआ करते थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गणेश मुर्मू उर्फ डेबो और अजीत सुरेन उर्फ गुडरु के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने जुर्म कबूल करने के साथ-साथ यह भी खुलासा किया कि उन्होंने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। फिलहाल, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की हर कड़ी को जोड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें जुटी हुई हैं।


