लखीसराय. मंगलवार की सुबह लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर गुणसागर के समीप एक ऐसा हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक और एक स्कॉर्पियो की आमने-सामने की भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे और महिला समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो पर सवार सभी लोग मोतिहारी से देवघर की ओर जा रहे थे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन से मुंडन संस्कार से जुड़ी सामग्री बरामद हुई है, जिससे पुलिस को आशंका है कि कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर परिवार के लोग घायल हुए मासूम बच्चे का मुंडन संस्कार कराने के लिए बाबाधाम देवघर जा रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; शुभ कार्य के लिए निकला यह सफर एक भयावह त्रासदी में बदल गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार व अफरातफरी मच गई। मृतकों में स्कॉर्पियो चालक सहित तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सभी मृतकों और लहूलुहान घायलों को सदर अस्पताल लखीसराय पहुंचाया गया। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से स्कॉर्पियो की सीधी टक्कर हुई है। फिलहाल मृतकों और घायलों के नाम व पते की शिनाख्त नहीं हो पाई है, और पुलिस उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के प्रयास में जुटी है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


